पीजीआई के टेलीमेडिसिन ऑडिटोरियम में चल रही यूपी नीट काउंसिलिंग में छात्र अंकित शर्मा के साथ 50 हजार की टप्पेबाजी हो गई। अंकित मां सुशीला शर्मा के साथ मंगलवार को काउंसिलिंग में भाग लेने देहरादून से आया था।
अधिकारियों के अनसुना करने पर टप्पेबाजों का शिकार हुआ अंकित बिना काउंसिलिंग के ही लौट गया। अंकित ने बताया कि उसकी 27580 रैंक है। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए सुबह से लाइन मे लगा था।
शाम चार बजे तक लाइन में लगे-लगे परेशान हो गया। तभी वहां घूम रहा एक व्यक्ति पास आया और बोला लाओ मैं तुम्हारी रजिस्ट्रेशन फीस जमा करा देता हूं। उसकी बात पर 50 हजार आठ सौ रुपये दे दिए।
जब काफी देर बाद भी वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की। अंकित ने काउंसिलिंग में बैठे अधिकारियों से रजिस्ट्रेशन के लिए अपील की और कहा कि वह कल फीस जमा कर देगा।
इसके बाद भी अधिकारियों ने उसकी बात अनसुनी कर दी, जिसकी वजह से उसे बिना काउंसिलिंग में हिस्सा लिए ही लौटना पड़ा। वहीं अन्य छात्रों का नाम सेंटर पर देर आया, जिसके चलते काउंसिलिंग देरी होने पर छात्रों ने हंगामा किया।