लखनऊ। सेना का फर्जी अफसर बनकर युवती को सेना में भर्ती करवाने के नाम पर छह लाख रुपये ठगने वाले शातिर को कैंट पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सेना पुलिस और खुफिया विभाग की जानकारी पर कैंट पुलिस ने अहमदनगर निवासी ठग को कमांड अस्पताल के पास से धर दबोचा. मामला दर्ज कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
दरअसल कोरोना संक्रमण के चलते बेरोजगार युवकों और युवतियों को ठगने वालों का रैकेट सक्रिय हो गया है। रेलवे से लेकर एयरपोर्ट और दूसरे विभागों में ठगी के ऐसे मामले आते रहे हैं। एक ऐसे ही मामले में रविवार को सेना में भर्ती का झांसा देकर ठगने वाले एक फर्जी अधिकारी को पकड़ा गया। कैंट पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी प्रदीप सीताराम शिंदे को कमांड अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया। वह खुद को सेना में 7 पैरा का कैप्टन बता रहा था जोकि छानबीन में फर्जी निकला।
छानबीन में पता लगा कि ललिता बबन नामक युवती को सेना में भर्ती करवाने के नाम पर झांसा दिया और उससे छह लाख रुपये ऐंठ लिए। वह बेरोजगार युवक-युवतियों को आर्मी और एमएनएस (मिलिट्री नर्सिंग सर्विस) में नौकरी दिलाने का दावा करता था। ललिता बबन से रुपये ऐंठने के बाद उसने उसके परिवारीजनों को बताया कि लखनऊ स्थित कमांड अस्पताल के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में ट्रेनिंग चल रही है। उसने छह लाख रुपये उसके भाई से वसूले। शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से सेना की यूनिफॉर्म वाली तस्वीरें, फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। कैंट इंस्पेक्टर नीलम राणा की निगरानी में जांच चल रही है।