गोमतीनगर के विरामखंड-5 निवासी पूर्व विधायक व पूर्व उपाध्यक्ष उप्र. राज्य युवा कल्याण परिषद डॉ. आरए उस्मानी से ठगी का मामले सामने आया है।
उनके घर पहुंचे जालसाजों ने एसी ठीक करने के नाम पर छह हजार रुपये ठग लिए। पूर्व विधायक ने मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, पूर्व विधायक ने तहरीर में बताया कि आठ अगस्त को वोल्टास कंपनी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर एसी की शिकायत दर्ज कराई।
शाम को दो लोग घर पहुंचे और खुद को कंपनी का टेक्नीशियन बताया। जांचने के बाद दोनों ने बताया कि पीसीबी खराब है।
इसके बाद दोनों 10 अगस्त को पहुंचे और पीसीबी लगाकर एसी में गैस भी डाली। इसके लिए छह हजार रुपये मांगे।
इस पर पूर्व विधायक के बेटे अब्दुल ने बिल मांगा तो पेपरलेस काम का बहाना बनाया। दोनों ने रकम ऋषभ राठौर नाम के यूपीआई खाते में रकम ट्रांसफर कराई।
तीन दिन बाद एसी फिर खराब हो गया तो पूर्व विधायक ने टोलफ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। 20 अगस्त को कंपनी ने इमरान नाम के कर्मचारी को भेजा।
उसने बताया कि एसी में गैस नहीं है। इस पर पूर्व विधायक ने बताया कि दस अगस्त को वोल्टास कंपनी से आए दो कर्मचारियों ने रिपेयरिंग की थी। इमरान ने जानकारी की तो कंपनी ने बताया कि इस पते पर कोई नहीं आया था।
दो के खातों से उड़ाये 1.24 लाख रुपये
साइबर जालसाजों ने दो लोगों के खातों से 1.24 लाख रुपये निकाल लिए। गोमतीनगर के विपुलखंड निवासी भगवानदास सिंह का इंडियन बैंक में बचत खाता है। कुछ दिन पहले बैंककर्मी बन जालसाज ने उन्हें कॉल की और केवाईसी का झांसा देकर गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद खाते से 24490 रुपये निकाल लिए। वहीं, विभूतिखंड निवासी प्रियंवदा सिंह का खाता एक्सिस बैंक में है। ठगों ने चार बार में उनके खाते से 99999 रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी मोबाइल पर आए मेसेज से हुई।
प्लॉट के नाम पर 23 लाख ठगने का आरोप
गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-6 निवासी कविता सोनकर ने प्लॉट के नाम पर 23 लाख की ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राजेश द्विवेदी के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर मनीष कुमार सोनकर, राजकिशोर सोनकर, लाजलता सोनकर और आदित्य सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इंटीरियर डेकोरेटर पर रकम हड़पने का आरोप
बाराबंकी के लक्ष्मणपुरी निवासी मनोज कुमार जायसवाल ने सहारनपुर के यायाशाह पक्का बाग निवासी इंटीरियर डेकोरेटर जैनब खान पर 27.40 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, मनोज ने सिंगापुर मॉल में एमएस क्लब किंगडम के नाम से रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी की थी। रेस्टोरेंट में इंटीरियर डेकोरेशन के लिए सीक्यू इंटीरियो प्रा. लि. की निदेशक जैनब खान से बात की थी। आरोप है कि चार लाख रुपये का काम करने के बाद जैनब ने चली गई। जब बाकी रकम मांगी तो धमकियां मिलने लगीं। (माई सिटी रिपोर्टर)