हजरतगंज स्थित राजकीय महिला शरणालय से किशोरी को छुड़ाने आए फर्जी बहन-बहनोई सहित तीन लोगों को बृहस्पतिवार शाम अधीक्षिका आरती सिंह ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पूछताछ में पता चला कि किशोरी के प्रेमी हरदोई के कछौला कामीपुर निवासी समीर ने उसे छुड़ाने के लिए पिता अब्दुल हसन संग मिलकर साजिश रची थी। तीनों के खिलाफ अधीक्षिका ने हजरतगंज कोतवाली में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है।
अधीक्षिका ने बताया कि किशोरी को समीर बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया था। परिवारीजनों की शिकायत के बाद हरदोई पुलिस ने किशोरी को बरामद किया, लेकिन उसने घर जाने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद किशोरी को महिला शरणालय भेज दिया गया। इस बीच किशोरी के पिता कई बार उसे लेने आए, लेकिन वह उनके साथ नहीं गई। अधीक्षिका के पूछने पर वह बहन-बहनोई के घर जाकर उनके साथ रहने की इच्छा जताती थी।
अधीक्षिका ने हरदोई बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नीलम सिंह से बहन-बहनोई को भेजकर उसे ले जाने के लिए बातचीत भी की थी। बृहस्पतिवार शाम नीलम सिंह का आदेश लेकर समीर और उसके रिश्तेदार हरदोई के बेहटा गोकुल निवासी मेंहदी हसन और रामनगर के शौकीन की पत्नी शहरुन्निशा महिला शरणालय पहुंचे।
शहरुन्निशा ने खुद को किशोरी की बहन और मेंहदी हसन को अपना पति बताते हुए उसे लाने को कहा। उसने बाल कल्याण समिति का आदेश और अपनी व मेंहदी हसन की सत्यापित फोटो दीं।