पेयरिंग नीति पर भ्रम फैलाने वाले चार शिक्षकों को चेतावनी
लखनऊ। राजधानी के बीकेटी ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय बरगदी कला में सरकार की पेयरिंग नीति का विरोध करते हुए कुछ शिक्षकों की ओर से अभिभावकों को गुमराह करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दो शिक्षक और दो शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राम प्रवेश ने कठोर चेतावनी जारी की है।
राजधानी में पहले चरण के तहत 30 से भी कम बच्चों वाले सरकारी विद्यालयों की पेयरिंग की गतिविधि चल रही है। जानकारी के मुताबिक, 23 जून को स्कूल में जब विभागीय टीम अभिभावकों को पेयरिंग प्रक्रिया की जानकारी दे रही थी, उसी दौरान शिक्षकों ने इसका विरोध करते हुए अभिभावकों को गलत जानकारी देने की कोशिश की। मामले की शिकायत मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रीती शुक्ला ने जांच की। जांच में आरोप सही पाए गए। इस आधार पर प्रधानाध्यापक सरोज लता, सहायक अध्यापक संतोष कुमार तथा शिक्षामित्र सरस्वती और बाबूलाल को बीएसए की ओर से चेतावनी दी गई है।