लखनऊ। राजधानी के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में मोबाइल दुकानदार सहित चार लोगों की मौत हो गई। ये हादसे दुबग्गा, काकोरी, सुशांत गोल्फ सिटी और इटौंजा में हुए।
मलिहाबाद के रामनगर निवासी अजय प्रताप (34) की दुबग्गा के पास काकराबाद में मोबाइल की दुकान थी। उनके चाचा संतोष के मुताबिक रविवार शाम भतीजा दुकान बंद कर बाइक से लौट रहा था। दुबग्गा में रिंग रोड पर मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से अजय की मौत हो गई। परिवार में पत्नी रंजीता व बेटी है।
काकोरी के मौदा निवासी प्रताप लोधी (40) मजदूरी करते थे। उनके भतीजे करन ने बताया कि चाचा रविवार रात बहनोई पिपरसंड निवासी कमलेश संग बाइक से अपने दूसरे घर जा रहे थे। बाइक प्रताप चला रहे थे। रास्ते में टीएस मिश्रा रोड पर सामने से आ रही क्रेन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रताप की मौत हो गई, जबकि कमलेश की हालत नाजुक है। आरोप है कि क्रेन की दायीं ओर की लाइट नहीं जल रही थी। इस कारण हादसा हुआ। परिवार में पत्नी प्रेमा व दो बच्चे हैं।
गोसाईंगंज के मीसा गांव निवासी सरोज कुमार (42) रविवार रात खनन में लगा डंपर चला रहे थे। देर रात डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान की दीवार से टकरा गया। क्षतिग्रस्त डंपर में सरोज आधे घंटे तक फंसे रहे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां उनकी मौत हो गई।
इसके अलावा इटौंजा के लोधपुरवा के संजय लोधी (35) ट्रैक्टर चलाते थे। उनके चाचा रामकिशोर के मुताबिक संजय सोमवार शाम बाइक से किसी काम से जा रहे थे। मानपुर बेलवा के बीच ऑटो की टक्कर से उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी रीना व एक बेटी है।