अज्ञात कारणों से आग लगने से जली बाइक।
- फोटो : amar ujala
श्रावस्ती के नासिरगंज में मंगलवार रात घर के बरामदे में खड़ी बाइक में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे बरामदे में खड़ी चार बाइकें जल गईं। वहीं, हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के ग्राम ददौरा में अज्ञात कारणों से फूस के मड़हे में लगी आग में चार गायों की झुलसने से मौत हो गई।
सोनवा थाना क्षेत्र के नासिरगंज निवासी सलीम के घर के बरामदे में चार बाइक खड़ी थीं जिसमें मंगलवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक सभी बाइकें तथा गद्दा रजाई सहित अन्य सामान जल चुका था।
मौके पर पहुंचे सोनवा थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ आलोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक योगेश सिंह व नासिरगंज चौकी प्रभारी प्रमोद अग्निहोत्री ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग को काबू किया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं एक अन्य घटना में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम ददौरा निवासी होली राम के फूस के मड़हे में आग लग गई।
इसकी चपेट में आने से तीन गौवंशों की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई। इस दौरान वहां रखा भूसा भी जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।