कोहरे के चलते रविवार को जहां गो एयर की मुंबई की फ्लाइट निरस्त रही। वहीं, इंडिगो की चंडीगढ़ की उड़ान डेढ़ घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। अमौसी एयरपोर्ट पर कैट 3 बी सिस्टम होने की वजह से यह लेटलतीफी पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम हो गई है।
रविवार को चंडीगढ़ से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6ई 6133) डेढ़ घंटे देरी से अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड हो सकी। विमान ने चंडीगढ़ से ही देरी से उड़ान भरी थी। वहीं, लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 306) करीब आधे घंटे देरी से उड़ सकी। जबकि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6ई 306) अमौसी से 34 मिनट और इंडिगो की उड़ान (6ई 176) आधा घंटे देरी की शिकार हुई।
इसी क्रम में लखनऊ से मुंबई जाने वाली गो एयर की फ्लाइट (जी8 307) और मुंबई से लखनऊ आने वाली गो एयर की (जी8 397) रविवार को निरस्त रहीं। ये दोनों उड़ानें सोमवार को भी रद्द रहेंगी। वहीं, लखनऊ से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6ई 5318) आधा घंटा लेट रही।