लखनऊ। इंटर्नशिप की आस में बैठे आयुष छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें इंटर्नशिप के लिए लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। बख्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में भी विद्यार्थी इंटर्नशिप कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। हॉस्पिटल में करीब 20 सीटें हैं। बलरामपुर, सिविल और लोकबंधु अस्पताल में इंटर्नशिप की सुविधा पहले से है।
राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में 176 बेड हैं। ज्यादातर बेड हमेशा भरे रहते हैं। ओपीडी में 1200 से अधिक मरीज रोज आ रहे हैं। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद, यूनानी व होम्योपैथ के विद्यार्थी इंटर्नशिप कर सकेंगे। विद्यार्थियों को छह माह तक मरीजों के इलाज की बारीकियां बताई जाएंगी। इंटर्न सीनियर डॉक्टरों की मदद करेंगे। साक्षात्कार व शैक्षिक अंकों के आधार पर इंटर्नशिप के लिए चयन किया जाएगा। महानिदेशक की अनुमति के बाद इंटर्नशिप शुरू की गई है।