फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: चटख धूप में खिली फूलों की रंगत, स्टॉलों पर रौनक

विज्ञापन
पुष्प प्रदर्शनी।
विज्ञापन
लखनऊ। चटख धूप के बीच राजभवन में लगी प्रदर्शनी में फूलों की रंगत और निखर गई। तीन दिवसीय 56वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के दूसरे दिन बड़ी तादाद में दर्शक पहुंचे। स्टॉलों पर भी सुबह से शाम तक रौनक रही। इस दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्ग फूलों से बनी आकृतियों, स्टॉलों और राजभवन प्रांगण की तस्वीरों को मोबाइल में कैद करते नजर आए।
विज्ञापन

प्रदर्शनी में प्राकृतिक फूलों से बनी विशालकाय गणेश प्रतिमा, ग्रह मंडल, समुद्र मंथन, अयोध्या का राममंदिर, राधा-कृष्ण की प्रतिमा समेत अन्य आकृतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। सब्जियों से बनीं आकृतियां और महाकुंभ की थीम पर फूलों से बनीं आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। खानपान से लेकर दैनिक इस्तेमाल वाली वस्तुओं के स्टॉलों पर भी भीड़ रही। पोटैटो एग्जीबिशन एंड फूड एक्सपो में लगे स्टॉलों पर लोगों ने खरीदारी भी की।
कमल के फूल से बनाया धागा, कपड़े, हेल्थ ड्रिंक और चाय
सीएसआईआर (वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद) के स्टॉल पर कमल के फूल से बने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। यहां पर कमल से बना धागा, परिधान, हेल्थ ड्रिंक, परफ्यूम और चाय देखकर लोग अचरज में थे। कमल की इस नवीन किस्म को नमो 108 नाम दिया गया है। इम्युनिटी बूस्टर, दर्द निवारक जेल व तेल, मच्छरों से बचाव के लिए तेल की भी लोगों ने खूब खरीदारी की।
विज्ञापन


केजीएमयू की बस में हुई कैंसर की निशुल्क जांच
केजीएमयू से आई 35 सदस्यीय टीम ने कैंसर की निशुल्क जांच की। बस में बनी लैब में खून की जांच से लेकर एक्सरे तक हुआ। पहले दिन ही 150 से ज्यादा लोगों ने इसका लाभ उठाया। प्रदर्शनी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी संचालन किया जा रहा है, जहां मुफ्त दवाएं भी बांटी गईं।
इतना बड़ा कद्दू, अपने दोस्तों को दिखाऊंगी
शाकभाजी की प्रदर्शनी में बच्चे बड़े आकार की सब्जियां देखकर चकित थे। एक बच्ची 30 किलो का कद्दू देखकर अपने पिता से बोली- इतना बड़ा कद्दू। मेरी फोटो खींचिए, इसे मैं अपने दोस्तों को दिखाऊंगी।
जामुन, सौंफ, तुलसी, नीम शहद के साथ पहाड़ी शहद भी
प्रदर्शनी में शुद्ध शहद के लिए ग्राहकों की खूब भीड़ स्टॉलों पर उमड़ी। इन स्टॉलों पर जामुन, सौंफ, तुलसी, नीम शहद के साथ पहाड़ी शहद भी मौजूद रहा। ज्यादातर स्टॉलों पर जामुन वाला शहद बिक चुका था और लोग मांग कर रहे थे कि इसे कल मंगवा दीजिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें