लखनऊ। नाका इलाके में चार मई 2024 को अंबेडकरनगर राजेसुलतानपुर तुलसीपुर निवासी शिक्षिका बीनू पांडेय से हुई लूट का खुलासा कर पुलिस ने सआदतगंज निवासी मो. अनीस व फरीद को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आलमबाग व नाका पुलिस के बीच काफी दिनों तक घटना को लेकर सीमा विवाद भी चला था।
अंबेडकरनगर राजेसुलतानपुर तुलसीपुर निवासी बीनू पांडेय, हापुड़ जनपद में सरकारी शिक्षिका हैं। तबीयत खराब होने पर वे, छोटे भाई अमित के साथ चार मई की रात घर आ रही थीं। दोनों, देर रात चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे और ई रिक्शे से आलमबाग बस अड्डे जा रहे थे। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने बीनू का पर्स लूट लिया। बीनू के ई रिक्शेे से गिरने पर दो दांत टूट गए और होंठ में चोट लआ गई।
पर्स में मोबाइल फोन, चेन व कुछ अन्य दस्तावेज थे। पांच मई को नाका थाने में केस दर्ज कराया। नाका पुलिस ने घटनास्थल आलमबाग बताते हुए केस को आलमबाग थाने ट्रांसफर कर दिया। 31 अगस्त को आलमबाग पुलिस ने केस को नाका थाने ट्रांसफर कर दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी अनीस व फरीद को गिरफ्तार किया है। अनीस के खिलाफ पहले से 22 और फरीद के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। शौक पूरा करने के लिए दोनों लूटपाट करते थे।