लखनऊ। बिजली के मीटर लगवाने का टेंडर दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगने और तगादा करने पर पीटने का आरोप है। आशियाना पुलिस ने कंपनी मालिक समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी, कानपुर रोड निवासी राजेंद्र शुक्ल की आकृति इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। राजेंद्र के मुताबिक, गार इंफ्रा रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर गिरीश वर्मा, उनके साथी प्रदीप सिंह व अनूप गुप्ता ने उन्हें बिजली के मीटर लगवाने का टेंडर दिलाने के लिए कंपनी के खाते में पांच लाख रुपये जमा कराए थे। काफी समय बीतने पर भी टेंडर नहीं मिला तो राजेंद्र ने तगादा किया। कुछ दिन बाद पांच लाख रुपये के एवज में साढ़े पांच लाख रुपये का चेक दिया जो बाउंस हो गया तो राजेंद्र विभूतिखंड के ओमेक्स हाइट्स स्थित आरोपियों के ऑफिस गया।
राजेंद्र का आरोप है कि वहां अनूप गुप्ता व प्रदीप सिंह ने एक साल में देने का आश्वासन दिया। राजेंद्र के मुताबिक, गत पांच अक्तूबर को तीनों आरोपी आशियाना में पावर हाउस चौराहे के पास मिले। वहां तगादा करने पर तीनों ने उन्हें पीटा और धमकाया। आशियाना इंस्पेक्टर धीरज शुक्ल ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर गिरीश वर्मा, प्रदीप सिंह निवासी मानस एन्क्लेव, इंदिरानगर व अनूप गुप्ता निवासी मानसनगर, कृष्णानगर के खिलाफ अमानत में खयानत, मारपीट, गाली-गलौज व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।