केंद्रीय मंत्रिपरिषद के पहले विस्तार में यूपी का खासा दबदबा रहा। रविवार को हुए विस्तार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी से एक कैबिनेट, दो राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और तीन राज्यमंत्री बनाए। विस्तार में क्षेत्रीय, जातीय समीकरणों का पूरा ख्याल रखा गया है।
इस विस्तार से यूपी से मंत्रियों की संख्या 13 हो गई है। इनमें पांच कैबिनेट तो आठ राज्यमंत्री हैं। प्रधानमंत्री को भी शामिल कर लिया जाए तो संख्या 14 हो जाती है।
यूपी से मनोहर परिकर बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल हुए हैं। नोएडा से सांसद डॉ. महेश शर्मा, मुख्तार अब्बास नकवी, रामशंकर कठेरिया और फतेहपुर से सांसद साध्वी निरंजन ज्योति शामिल हुई हैं।
पूरब से पश्चिम तक सबको साधा
मोदी ने विस्तार के बाद अब मंत्रिमंडल में पूर्वांचल से लेकर पश्चिम यूपी, बुंदेलखंड और सेंट्रल यूपी सभी का प्रतिनिधित्व हो गया है। पूर्वांचल से खुद मोदी के अलावा देवरिया के सांसद कलराज मिश्र व गाजीपुर से मनोज सिन्हा हैं।
मध्य यूपी की नुमाइंदगी राजनाथ सिंह के अलावा फतेहपुर की सांसद अब साध्वी निरंजन ज्योति भी करेंगी। निरंजन ज्योति हमीरपुर से विधायक भी रही हैं तो उन्हें बुंदेलखंड का भी प्रतिनिधि माना जा रहा है।
रामशंकर कठेरिया के रूप में मोदी ने बृज मंडल की उपेक्षा का दाग भी धोने का प्रयास किया है तो रामपुर व नोएडा से दो स्वतंत्र प्रभार और दो राज्यमंत्री के रूप में पश्चिम के समीकरणों को भी दुरुस्त करने की कोशिश की है।
...तो तीन अहम पदों पर यूपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह यूपी से हैं। मनोहर परिकर यूपी से ही राज्यसभा जाएंगे। उन्हें रक्षा मंत्रालय मिलता है तो तीन सबसे महत्वपूर्ण पदों पर यूपी का कब्जा होगा। इसके साथ ही यूपी ऐसा पहला राज्य बन जाएगा जिसके कब्जे में तीनों अहम पद हों।
जातीय संतुलन को भी साधा
अब चार ब्राह्मण, दो ठाकुर, एक कुर्मी, एक जाट, एक निषाद, एक भूमिहार, एक दलित व एक मुस्लिम सदस्य हो गया है। इस प्रकार उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की समर्थक जातियों को लगभग प्रतिनिधित्व दे दिया है।
जवाब भी दिया
मोदी पर मुस्लिम विरोधी होने के आरोप लगते रहे हैं। मुख्तार अब्बास नकवी को शामिल कर उन्होंने इसका भी जवाब देने की कोशिश की है।
यूपी से महिला सांसदों को महत्वपूर्ण पद
साध्वी निरंजन ज्योति के राज्यमंत्री बनाए जाने के साथ ही मंत्रिपरिषद में यूपी की महिला सांसदों की भागीदारी 50 फीसदी हो गई। मंत्रिपरिषद में कुल आठ महिलाएं शामिल हैं जिनमें यूपी से साध्वी उमा भारती, मेनका गांधी, स्मृति ईरानी और साध्वी निरंजन ज्योति समेत चार हैं।
दो साध्वियां, दोनों यूपी से
निरंजन ज्योति के शामिल किए जाने के साथ ही मंत्रिपरिषद में साध्वियों की संख्या दो हो गई। दोनों ही साध्वियां यूपी का प्रतिनिधित्व करती हैं।
सबसे युवा मंत्री भी यूपी से
युवा चेहरों को प्रधानमंत्री ने मंत्रिपरिषद में तवज्जो दी है। सबसे युवा मंत्री स्मृति ईरानी (38) यूपी से हैं।