लखनऊ। बीटेक छात्रों पर फायरिंग के मामले में चिनहट पुलिस ने बृहस्पतिवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो आरोपी रामस्वरूप मेमोरियल विवि के पूर्व छात्र हैं। एक आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद किया है। आरोपियों ने वर्चस्व को लेकर गोली चलाई थी।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में प्रतापगढ़ निवासी विपुल सिंह, बलिया का वैभव सिंह, गाजियाबाद का आशुतोष यादव, बाराबंकी का शिवम सिंह और ओमकार यादव है। विपुल व वैभव को गलत हरकतों के कारण रामस्वरूप मेमोरियल विवि से निकाला जा चुका है। पकड़े गए अन्य आरोपी वर्तमान में रामस्वरूप मेमोरियल विवि के छात्र हैं।
गोंडा के खरगुपुर निवासी अभिषेक तिवारी रामस्वरूप मेमोरियल विवि से बीटेक कर रहे हैं। मौजूदा समय में वह हिमसिटी इलाके में रह रहे हैं। उनके मुताबिक 30 सितंबर की रात वह साथी गोरखपुर निवासी दिव्यांशु और मऊ निवासी वैभव सिंह के साथ बुलेट से मटियारी स्थित क्राउन मॉल चाय पीने गए थे। तीनों के माॅल से बाहर आने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की थी और विरोध पर गोली चला दी थी।