गुजरात की तर्ज पर यूपी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने कवायदें शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में 22-27 फरवरी तक ट्रैवल मार्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें 70 से ज्यादा देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शरीक होंगे। सूबे में ऐसा आयोजन पहली बार हो रहा है। पर्यटन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
ट्रैवल मार्ट के तहत 22-24 फरवरी तक राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इसमें बेंच-टू-बेंच सेशन चलेंगे। यानी हर देश के प्रतिनिधियों से पर्यटन विभाग के अधिकारी सीधे बातचीत करेंगे। उन्हें यहां के पर्यटन उत्पादों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनके सवालों का जवाब देकर संतुष्ट भी किया जाएगा।
आखिर के तीन दिन इन प्रतिनिधियों को तीन टीमों में बांटकर अलग-अलग दिशाओं में भेजा जाएगा। पहली टीम को लखनऊ, वाराणसी और आसपास के पर्यटन स्थलों को दिखाया जाएगा।
आगरा में मिलेंगी टीमें
वहीं दूसरी टीम कतर्निया घाट और दुधवा नेशनल पार्क जाएगी, जबकि तीसरी टीम के लिए आगरा, लॉयन सफारी और आसपास के स्थानों को घुमाने की व्यवस्था की गई है। 27 फरवरी को तीनों टीमें आगरा में मिलेंगी, जहां वे अपने अनुभवों को शेयर कर सकेंगी।
उप निदेशक (पर्यटन)अविनाश मिश्र ने बताया कि ट्रैवल मार्ट में म्यामांर, जापान, चीन, कोरिया, कम्बोडिया, ताईवान, हांगकांग, श्रीलंका, मलयेशिया, थाईलैंड, मॉरिशस, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन समेत करीब 70 देशों के प्रतिनिधियों के आने की संभावना है।
प्रदेश के टूर ऑपरेटरों को भी मार्ट में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि विदेशी प्रतिनिधियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, जिससे आने वाले समय में उनके देश के अधिक से अधिक लोग यहां आ सकें।