पहले लात मारकर बाइक सवार को गिराया, फिर की लूट
लखनऊ। पारा इलाके में बाइक सवार बदमाश बाराबंकी के टिकैत नगर निवासी देवेंद्र प्रताप सिंह से बाइक व मोबाइल लूट ले गए। देवेंद्र ने बताया कि 23 फरवरी को बाइक से नहरिया होते हुए बुद्धेश्वर जा रहे थे। मोहान रोड पर पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मार दी थी। वह अनियंत्रित होकर बाइक लेकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक व मोबाइल लूट ले गए। उन्होंने चार मार्च को ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि जांच कर रही है।
इसके अलावा मड़ियांव के केशव नगर स्थित गोदावरी एन्क्लेव निवासी रुचि बेटी शिवांजलि के साथ 17 फरवरी को निशातगंज से बादशाह नगर की तरफ जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार लुटेरों ने शिवांजलि का मोबाइल लूट लिया। रुचि ने बुधवार को महानगर थाने में केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि फुटेज की मदद से दुबग्गा के आशीष कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया। लूटा गया मोबाइल व घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। आरोपी के साथी की तलाश की जा रही है।