घर के बाहर कुर्सी पर बैठे पत्रकार पर रविवार की देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग में पत्रकार के हाथ में गोली लगी और वह गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडा लेकर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। घायलावस्था में पत्रकार को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के फैजाबाद रोड पर पत्रकार दिलीप कौशल (38) पुत्र ध्रुवलाल कौशल का मकान है। रविवार की शाम करीब सात बजे दिलीप कौशल घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर चाय पी रहे थे तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दिलीप पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली दिलीप के कंधे के नीचे हाथ में लगी और वह गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दिलीप को बचाने के लिए लाठी व डंडा लेकर दौड़े तो हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। लहूलुहान हालत में दिलीप को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
गौरतलब है कि डेढ़ वर्ष पूर्व भी दिलीप पर बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था, हालांकि उस समय वे बाल-बाल बच गए थे। सूचना के बाद पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।