नक्खास में रविवार भोर फुटपाथ की एक दुकान में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। सूचना पर जब तक अग्निशमन टीम पहुंची, तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण करते हुए आसपास की कई दुकानों को चपेट में ले लिया। अग्निशमन कर्मचारियों ने करीब साढ़े तीन घंटे मशक्कत करके आग पर काबू पाया। अग्निकांड में आठ दुकानें जलकर राख हो गईं।
नक्खास में रहने वाले लाडले की पुलिस चौकी के पास ही फुटपाथ पर क्रॉकरी की दुकान है। रविवार भोर करीब पांच बजे लाडले की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुआं व लपटें निकलती देख स्थानीय नागरिक शोएब ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर तत्काल पुलिसकर्मी पहुंचे और चौक फायर स्टेशन पर सूचना दी। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह और एफएसओ चौक राम किशोर यादव टीम के साथ तीन दमकल लेकर मौके पर पहुंच गए। मगर तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण करते हुए आसपास की कई दुकानों की चपेट में ले लिया।
फुटपाथ के पीछे मार्केट में स्थित अशर्फाबाद निवासी विशाल रस्तोगी के शोरूम विकास क्लाथ सेंटर को भी लपटों ने चपेट में ले लिया। बेसमेंट समेत चार मंजिल के इस शोरूम से लपटें व धुएं का गुबार निकलता देख वहां अफरातफरी मच गई। आग बढ़ती देख हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से भी दो-दो दमकल मंगाई गईं। फुटपाथ की दुकानों में लगी आग तो करीब डेढ़ घंटे में अग्निशमन कर्मचारियों ने काबू पर ली।
मगर शोरूम में बेसमेंट से लेकर दूसरी मंजिल तक कपड़ों में इतनी भीषण आग लगी थी कि लपटों व धुएं के गुबार के बीच इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। एफएसओ रामकिशोर ने बताया कि शोरूम के बगल की दुकान की छत पर सीढ़ी लगाकर टीम भेजी गई। फिर वहां से ड्रिल करके दो जगह दीवार काटकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।