ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मदारीगंज जामों गैस एजेंसी के पास क्लिंकर लदे ट्रक ने सामने से आ रहे ट्रक को टक्कर मार दी। रगड़ के चलते ट्रक में आग लग गई। घटना में खलासी की जलकर मौत हो गई, जबकि चालक झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग बुझाई।
जगतपुर थाना क्षेत्र के जोगमगदीपुर निवासी उमानाथ यादव पुत्र जगन्नाथ ट्रक चालक है। शनिवार भोर में वह खलासी प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के बड़कऊ कला गांव निवासी पिंटू (40) पुत्र रामराज के साथ ट्रक लेकर प्रयागराज की ओर जा रहा था। ट्रक खलासी चला रहा था। तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे क्लिंकर लदे ट्रक ने उसके ट्रक में टक्कर मार दी।
इससे ट्रक के केबिन में आग लग गई। ट्रक जलने लगा। खलासी ट्रक में ही फंस गया और उसकी जलकर मौत हो गई। चालक झुलस गया। ट्रक से कूदने की वजह से उसे गंभीर चोटें आईं हैं। उधर, घटना के बाद क्लिंकर लदे ट्रक को चालक लेकर भाग निकला। घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया।
कोतवाल अनिल कुमार सिंह पुलिस बल फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने आग बुझाई और खलासी के शव को बाहर निकाला। कोतवाल ने बताया कि आग लगने से खलासी की मौत हो गई है। उसके परिजनों को सूचना दी गई है।