लखनऊ में गुडंबा के कुर्सी रोड स्थित ज्ञान डेयरी में बृहस्पतिवार सुबह अचानक आग लग गई। चिमनी से तेज लपटें और धुआं निकलता देख इलाके में हड़कंप मच गया। आननफानन पुलिस व फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन के कर्मचारियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के दौरान चौथी मंजिल पर फंसे डेयरी के कर्मचारी को अग्निशमन कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। वह बेहोश हो गया। उसे अस्पताल भेजा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि गुडंबा के कुर्सी रोड स्थित ज्ञान डेयरी के ड्रायर मशीन (गर्म हवा को बाहर निकालने वाली मशीन)में आग लग गई है। उससे जुड़ी चिमनी में आग की लपटें निकल रही है। सूचना पर इंदिरानगर फायर स्टेशन के एफएसओ शेषनाथ यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे। अग्निशमन कर्मी पहुंचे तो आग पहली मंजिल पर लगे ड्रायर से होते हुए चिमनी से होते हुए छठे मंजिल पर पहुंच गई। चिमनी टीनशेड से ढकी हुई थी। आग से हुए नुकसान का आंकलन अभी नहीं हो सका है। आग का कारण भी स्पष्ट नहीं है।
मंगानी पड़ा हाइड्रोलिक प्लेटफार्म
अग्निशमन कर्मचारी आग बुझाने में जुटे थे। आग धीरे-धीरे करते 40 मीटर ऊंचाई पर पहुंच गई थी। जिसके कारण आग पर काबू पाना आसान नहीं था। पहली मंजिल के ड्रायर की आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन 6वीं मंजिल पर लगे आग पर काबू पाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख अग्निशमन अधिकारी ने तत्काल हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मंगाया। जिसकी मदद से 40 मीटर ऊंचाई पर लगे चिमनी में पाइप से पानी डाला गया। इसके बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया।
बेहोश हो गया था टेक्नीशियन
डेयरी में आग लगने के दौरान चौथी मंजिल पर टेक्नीशियन रोहित काम कर रहा था। आग लगने के कारण पूरी डेयरी में धुआं भर गया। जिससे रोहित बेहोश हो गया। आग बुझाते हुए अग्निशमन कर्मचारी चौथी मंजिल पर पहुंचे तो देखा कि रोहित बेहोश पड़ा। आननफानन उसे नीचे उतारा गया। इसके बाद अस्पताल भेजा गया। सीएफओ विजय कुमार सिंह के मुताबिक धुएं के कारण वह बेहोश हो गया था। अस्पताल में कुछ देर बाद उसे होश आ गया। उसे देर शाम को घर भेज दिया गया है। अग्निशमन कर्मियों की सतर्कता से रोहित की जान बच गई।