राजाजीपुरम। ठाकुरगंज के मेहंदीघाट चौराहे के पास स्थित तीन मंजिला अपार्टमेंट के भूतल पर बने गऊघाट निवासी लकी निषाद के द बातें कैफे में शनिवार सुबह आग लग गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने लपटों पर काबू पाया। कैफे में रखा फर्नीचर और खाने-पीने का सामान जल गया।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे लोगों ने कैफे के अंदर से धुआं निकलते देखा। उस समय कैफे बंद था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। कई लोग जान बचाकर नीचे भागे। सूचना पर ठाकुरगंज पुलिस और चौक फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कैफे का शटर तोड़कर आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है।