अपनी लिखित शिकायत वित्त मंत्री को सौंपती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
‘मंत्रीजी! गांव में एक डिग्री कॉलेज खुलवा दीजिए, ताकि हमारी तरह दूसरी लड़कियों को पढ़ाई के लिए अपना घर छोड़कर शहर न जाना पड़ा।’ यह मांग कपासी गांव की एमबीए की छात्रा विनीता रावत समेत कई लड़कियों ने प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी राजेश अग्रवाल से की।
उन्होंने बुधवार को ग्राम स्वरोजगार अभियान के तहत बीकेटी के कपासी गांव में रात्रि चौपाल लगाई थी। राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों के बीच रात बिताई।
मंत्री और अधिकारी द्वार पर पहुंचे तो जनता ने बेझिझक समस्याएं और मांगें उनके सामने रख दीं। कई लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास न मिलने की शिकायत की।
साथ ही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन न मिलने तथा उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन न मिलने की समस्या से भी अवगत कराया। वित्त मंत्री ने एसडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी व बीकेटी के बीडीओ को शिकायतों की जांच करवाकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
सबकी समस्या दूर करने का दिया आश्वासन
वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद वित्त मंत्री ने केंद्र की योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। मौके पर विधायक अविनाश त्रिवेदी, तहसीलदार विवेकानंद मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष राम निवास यादव सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं, इटौंजा के ढिलवासी गांव में वरिष्ठ नेता दिनेश तिवारी व गुलालपुर में विनय प्रताप सिंह के नेतृत्व में रात्रि चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।
चौपाल में कपासी की एमबीए की छात्रा विनीता रावत ने गांव में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग उठाई। पायगरा मऊ के लोगों ने ग्राम प्रधान मो. रिजवान पर एक ही समुदाय को बसाने का आरोप लगाते हुए हस्तक्षेप करने की मांग की।
वृद्धा सुुभाषिनी ने पेंशन न आने का दुखड़ा रोया। प्रभुदेई ने शौचालय बनाने की अपील की तो नंदराम ने गलियां सही कराने के लिए कहा। वित्त मंत्री ने सबकी समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया।