योगी आदित्यनाथ की सरकार में पुलिस ने पिछले छह महीने में 15 अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इनमें शामली में चार, आजमगढ़ में तीन, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर में दो-दो अपराधी मारे गए हैं।
राजधानी लखनऊ में भी एक अपराधी पुलिस ने मुठभेड़ में मारा है। अब तक 868 कुख्यात अपराधी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। यह वह अपराधी हैं जिन पर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए इनाम रखा था।
योगी सरकार ने 19 मार्च 2017 को शपथ ली थी। यदि उसके बाद 20 मार्च से 14 सितंबर तक के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो अब तक कुल 420 मुठभेड़ पुलिस की अपराधियों के साथ हुई हैं।
इनमें कुल 15 अपराधी मारे गए हैं। मुठभेड़ के दौरान 84 अपराधी व 88 पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। इस दौरान 1106 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस ने अब तक 54 अपराधियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की है। 69 अपराधी ऐसे हैं जिन पर सरकार ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस की सबसे अधिक कार्रवाई मेरठ जोन में हुई है। यहां पर कुल नौ अपराधी मुठभेड़ में मारे गए हैं। अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से उनके हौसले पस्त हैं।