लखनऊ। गोसाईंगंज के रकीबाबाद में रविवार सुबह श्रमिक रामजीत रावत (20) ने हत्या की धमकी से डरकर रविवार सुबह फंदा लगा लिया। रामजीत के चाचा राजीव ने धमकी देने के आरोपी की शिकायत पुलिस से की है। वहीं, एडिशनल इंस्पेक्टर गोसाईंगंज का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
चाचा राजीव के मुताबिक रामजीत की शादी 30 अप्रैल को नगराम के गुलाल खेड़ा निवासी रितु से हुई थी। बहू मायके में थी। शनिवार रात करीब आठ बजे रामजीत की मां रामकुमारी गांव निवासी युवक की बाइक से टकराकर घायल हो गईं। परिवार ने हादसे की सूचना यूपी 112 पर दी थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर बाइक चालक ने रामजीत को जान से मारने की धमकी दी। इससे रामजीत काफी डर गया था। इसी बीच पुलिस घर पहुंची और रामजीत के पिता किशुन से पूछताछ कर लौट गई।
कई बार कॉल कर दी धमकी
चाचा राजीव का कहना है कि पुलिस के जाने के बाद बाइक चालक ने कई बार फोन पर रामजीत को जान से मारने की धमकी दी। रात में परिवार के सभी लोग सो गए थे। सुबह घरवाले उठे तो उन्होंने रामजीत को कमरे में दरवाजे के कुंडे से साड़ी के सहारे लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
पत्नी की रो-रोकर बिगड़ी तबीयत
इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। रामजीत की पत्नी को पति की मौत की खबर दी गई तो वह सदमे में बेहोश हो गईं। परिजन जैसे-तैसे उन्हें होश में लाए, लेकिन लगातार रोने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। रामजीत के पिता और मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है।