लखनऊ। कैसरबाग बस अड्डे के बाहर रविवार देर शाम मासूम बेटे को बचाने के दौरान पिता की रोडवेज बस की चपेट में आकर मौत हो गई।
बरेली के भोजीपुर का रहने वाला मुन्ना (40) अपने छह साल के बेटे अंकित के साथ लखनऊ आया था। रविवार देर शाम वह बरेली लौटने के लिए बेटे संग कैसरबाग बस अड्डा गया था। वहां उसने बेटे के लिए ब्रेड खरीदी। फिर बस अड्डे के अंदर जा रहा था। तभी अंकित के हाथ से ब्रेड गिर गई। वह ब्रेड उठा ही रहा था कि एक चालक ने तेजी से बस बैक कर दी। ये देख मुन्ना ने तुरंत अंकित को खींचकर किनारे किया मगर खुद बस की चपेट में आने से कुचल गया।
वजीरगंज पुलिस ने मुन्ना को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वजीरगंज थाने के हाता चौकी प्रभारी श्रवण चंद्र ने बताया कि मुन्ना अपनी ससुराल झारखंड से लौट रहा था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्चे से पते की जानकारी कर पुलिस ने मुन्ना के घरवालों को सूचना दे दी है।