मोहनलालगंज में गोविंदपुर गांव के किसान के खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से लाइन में खराबी होने के बावजूद 15 हजार रुपये का बिल विभाग ने भेज दिया। बिल ठीक कराने के लिए वह एक्सईएन ऑफिस के बाबुओं के चक्कर लगाता रहा और समस्या का हल न होने से परेशान किसान ने बुधवार को बाबू के कमरे में ही आत्मदाह का प्रयास किया जिसे लोगों ने बचा लिया।
गोविंदपुर के मजरा कोराना गांव में किसान कमल किशोर मानव के पिता सुखलाल लाला मानव के नाम कृषि कनेक्शन है। किसान का आरोप हैं कि ट्यूबवेल में लगा विद्युत मीटर जम्प करता है जिससे बिजली का बिल अधिक आता है। किसान ने बताया कि 15 दिन पहले ट्रान्सफार्मर से कनेक्शन मे खराबी आने के बावजूद 15 हजार का बिल नौ सितम्बर को आ गया जिसे ठीक कराने के लिए वह एक्सईएन ऑफिस के एक बाबू से मिला लेकिन उसे लगातार चक्कर लगवाए जा रहे थे।
भाई समेत अन्य लोगों ने बचाया
बुधवार को परेशान किसान ने बाबू के कमरे में उसके सामने ही अपने ऊपर डीजल उडे़ल कर आत्मदाह की कोशिश की लेकिन किसान के भाई नंद किशोर समेत अन्य लोगों ने उसे बचा लिया।
किसान ने इस समस्या को लेकर उससे कभी मुलाकात नहीं की, घटना के समय वह पूरनपुर गांव में थे। अब मामला संज्ञान में आने पर किसान की समस्या का निराकरण कर दिया गया है, मामले की जांच की जा रहीं है, दोषी लोगों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी । - आरएन वर्मा, एक्सईएन