सरोजनीनगर। बंथरा के गोंदौैली गांव के पास बाइक व साइकिल की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल सवार उन्नाव के हसनगंज बिशनखेड़ा निवासी किसान बाबूलाल (65) की मौत हो गई।
बंथरा पुलिस के मुताबिक बाबूलाल शुक्रवार रात करीब आठ बजे शेखूपुर स्थित खेत से काम कर साइकिल से बनी-मोहान रोड होते हुए घर जा रहे थे। बंथरा स्थित गोंदौली गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की उनकी साइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाबूलाल उछलकर सड़क पर सिर के बल गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार बबलू भी चोटिल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बाबूलाल को मृत घोषित कर दिया। बबलू को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बाबूलाल के पास मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को खबर दी। इंस्पेक्टर बंथरा राणा राजेश ने बताया कि बाबूलाल के भाई उन्नाव माखी खड़हरा मजरा हमीरपुर निवासी पंचम ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वाहन की टक्कर से पलटा डाला, पांच घायल
सरोजनीनगर। बंथरा में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से डाला पलट गया। उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक उन्नाव के नवाबगंज निवासी सोनू, करण, मुकेश, अनीश और असोहा के कटेहरू निवासी रामशंकर बाराबिरवा सब्जी मंडी से देर रात डाला में बैठकर घर लौट रहे थे। बंथरा में शिवपुरा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से डाला अनियंत्रित होकर पलट गया। अज्ञात वाहन चालक गाड़ी लेकर वहां से भाग गया। लोगों की सूचना पर पहुंची बंथरा पुलिस ने डाला सवार घायलों को सीएचसी पहुंचाया। इंस्पेक्टर बंथरा राणा राजेश सिंह का कहना है कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।