लखनऊ। लालजी टंडन वार्ड अंतर्गत अंधे की पुलिस चौकी के पीछे स्थित मार्ग और आसपास का इलाका करीब छह माह से जलभराव, गंदगी और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय नागरिक घुटनों तक गंदे पानी में चलने के लिए मजबूर हैं। दोपहिया-चारपहिया वाहन फंसकर गिर रहे हैं और कई बार पलट भी जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों व संगठनों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से कई बार मौखिक व लिखित शिकायतें कीं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 26 जनवरी को इसी समस्या के विरोध में भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी संगठन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव ने झंडारोहण कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त शकील अहमद इंस्पेक्टर श्रीकांत राय और नगर निगम के उच्च अधिकारी पहुंचे और दो-तीन दिनों में कार्य शुरू कर समाधान का आश्वासन दिया गया। हालांकि आश्वासन के कई दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस उदासीनता से आक्रोशित संगठन ने चेतावनी दी कि रविवार से अंधे की चौकी पर प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू होगा। पार्षद प्रतिनिधि पुष्पेंद्र लोधी ने बताया नगर निगम की तरफ से दो करोड़ 95 लाख रुपये एस्टीमेट नाला बनाए जाने का स्वीकृत हुआ है, जल्द ही नाले का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।