लखनऊ। पारा निवासी कारोबारी ने फेसबुक दोस्त और उसके दो साथियों पर ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। आरोपी महिला ने खुद को विदेश मंत्रालय में एएसओ बताया था। कोर्ट के आदेश पर पारा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कारोबारी के मुताबिक, वर्ष 2021 में फेसबुक पर महाराष्ट्र के नागपुर निवासी सना खान से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने पर सना ने उनका भरोसा जीत लिया। बाद में बातचीत बंद करने पर वह ब्लैकमेल करने लगी। आरोप है कि उसने उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो उनके दोस्तों व बिजनेस पार्टनर को भेज दीं और 20 लाख रुपये वसूल लिए। इसमें उसके दो साथियों ने भी मदद की। कारोबारी का आरोप है कि सना अब भी रकम मांग रही है और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही है।
पुलिस से शिकायत के बाद सुनवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।