कोरोना के बढ़ते मामलों व कैंपस में संक्रमण के मामले मिलने के बाद ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय व नेशनल पीजी कॉलेज ने परीक्षाएं व प्रैक्टीकल स्थगित कर दिए हैं।
भाषा विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षाओं की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन भी किया था। भाषा विश्वविद्यालय के छात्रावास में छह से अधिक विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं।
इसे देखते हुए शनिवार को बीटेक छात्रों ने प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन कर ऑनलाइन परीक्षाओं की मांग की। छात्रों से रजिस्ट्रार संजय कुमार व परीक्षा नियंत्रक भावना मिश्रा ने बात की और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
देर शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने 27 जनवरी से प्रस्तावित लिखित व प्रयोगात्मक परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित करने की सूचना जारी की। मीडिया प्रभारी डॉ. तनु डंग ने बताया कि परीक्षाओं की नई तिथियां विवि की वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।
दूसरी तरफ, नेशनल पीजी कॉलेज ने भी चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं के क्रम में 17 से 31 जनवरी प्रस्तावित लिखित व प्रयोगात्मक परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया।
यहां भी दो विद्यार्थी पॉजिटिव हुए थे। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र सिंह ने बताया कि एक फरवरी से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं, 17 से 31 जनवरी के बीच की स्थगित परीक्षाएं पांच फरवरी से रीशेड्यूल की जाएंगी। ऑनलाइन क्लास नियमित जारी रहेंगी।
लविवि में कोविड वैक्सीनेशन शिविर
लखनऊ विश्वविद्यालय में काफी विद्यार्थियों के पॉजिटिव निकलने के बाद शनिवार को वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को वैक्सीन लगी। साथ ही जिनकी दूसरी डोज ड्यू थी वह भी लगी। विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि कैंप में 70 से अधिक लोगों को वैक्सीन लगी। कैंप का संयोजन वार्डन डॉ. ओपी शुक्ला ने किया।
लविवि के अधिकतर छात्रावास पूरी तरह खाली
लखनऊ विश्वविद्यालय में काफी संख्या में विद्यार्थियों के पॉजिटिव निकलने व 31 जनवरी तक परीक्षाएं टालने के बाद विश्वविद्यालय के अधिकतर छात्रावास पूरी तरह से खाली हो गए हैं। महमूदाबाद, हबीबुल्लाह व लाल बहादुर शास्त्री, तिलक गर्ल्स छात्रावास में अधिकतर संक्रमित विद्यार्थी ही रुके हुए हैं। बाकी अपने घर को चले गए हैं। बता दें कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सामान्य विद्यार्थियों से घर जाने की अपील भी की थी।