शोहदे से परेशान शकुंतला विश्वविद्यालय की बीटेक छात्रा ने छोड़ा कॉलेज
पारा स्थित शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रही छात्रा ने शोहदे से परेशान होकर कॉलेज छोड़ दिया।
आरोप है कि हरदोई के बेनीगंज निवासी एसपी विक्रांत नाम का शोहदा दो साल से उसे परेशान कर रहा है। उसने फेसबुक पर उसके नाम की फर्जी आईडी बनाकर दोस्तों को कई आपत्तिजनक फोटो व मेसेज भेजे।
जिससे उसका कॉलेज आना-जाना व पढ़ाई मुश्किल हो गई। उसने शोहदे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है
पीड़िता मूलरूप से हरदोई की है और यहां पारा थाना क्षेत्र में ही किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसका आरोप है कि करीब दो साल से एसपी विक्रांत नाम का शोहदा कॉल व मेसेज करके परेशान कर रहा है।
वह व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो भेजता है। उक्त शोहदे ने फेसबुक पर गलत पहचान बनाकर उससे संपर्क किया था। असलियत का पता चलने पर छात्रा ने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद वह नंबर बदलकर उसे कॉल कर रहा है।
पीड़ित छात्रा ने वीमेन पावर लाइन 1090 पर शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद कुछ दिन तक एसपी विक्रांत शांत रहा, लेकिन फिर से उसने अपनी हरकतें शुरू कर दीं। छात्रा ने फिर से 1090 पर शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत करने पर शोहदे एसपी विक्रांत ने उसे बदनाम करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर कॉलेज के दोस्तों को अश्लील मेसेज भेज रहा है।