लखनऊ में विभूतिखंड के विक्रांतखंड स्थित एक निजी स्कूल में 8वीं की छात्रा को एक शोहदा काफी दिन से परेशान कर रहा है। हरकतों से दहशत में आई छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। पिता ने स्कूल में इसकी शिकायत की। साथ ही विभूतिखंड थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभार निरीक्षक राजीव द्विवेदी के मुताबिक, गोमतीनगर विस्तार में रहने वाली किशोरी विक्रांतखंड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती है। पिता के मुताबिक सादान खान उनकी बेटी को कई दिनों से परेशान कर रहा है। वह अक्सर स्कूल आते-जाते पीछा करता है और बात करने का दबाव बनाता है।
आरोपी से बचने को छात्रा ने सहेलियों के साथ जाना शुरू किया। इसके बाद भी आरोपी हरकतों से बाज नहीं आया। सादान के दो दोस्त स्कूल में ही पढ़ते हैं। सादान ने उनकी मदद से बेटी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद से वह मोबाइल पर परेशान करने लगा।
दोस्तों को प्रबंधन ने किया निलंबित
पिता के मुताबिक, सादान ने बेटी के मोबाइल पर कॉल कर मिलने का दबाव बनाया। छात्रा ने मना किया तो आरोपी ने धमकी देनी शुरू कर दी। उसने मोबाइल पर कहा कि आखिरी बार कह रहा हूं, ‘मुझसे मिल लो वरना उठवा ले जाऊंगा’। इस पर छात्रा ने पुलिस से शिकायत की बात कही तो आरोपी ने उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। परिवारीजनों के मुताबिक सादान के डर से छात्रा ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया। इसके बाद लगातार मोबाइल पर कॉल व मेसेज धमकी के आने लगे।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पिता की तहरीर पर सादान व उसके सहयोगी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक, पिता ने प्रिंसिपल से शिकायत की है। छात्रा के स्कूल तक सुरक्षित आवागमन के लिए स्कूल बस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्कूल में पढ़ने वाले दोनों छात्रों के खिलाफ जांच कमेटी बैठाई गई है। जांच पूरा होने तक दोनों को निलंबित कर दिया गया है।