हजरतगंज में कार सवार दुस्साहसी शोहदों ने रविवार देर रात युवती से छेड़खानी की। उसके परिचित को सरेराह पीटा। इस बीच, मौके पर पहुंचे एएसपी दुर्गेश कुमार ने उसे ललकारा तो शोहदे फायर कर भाग निकले।
एएसपी ने करीब डेढ़ किमी दौड़कर एक शोहदे बीए फाइनल ईयर के छात्र तेलीबाग निवासी पुलकि शुक्ला को दबोच लिया। तीन अन्य शोहदे सुभाष, अहमद व सोनू कार लेकर भाग निकले। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस शोहदों की तलाश में दबिश दे रही है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल यादव ने बताया कि रात करीब आठ बजे दो युवतियां स्कूटी से कैंट से हजरतगंज की तरफ आ रही थी। इस बीच, नवल किशोरी रोड पर कार सवार शोहदों ने फब्तियां कसनी शुरू कर दी।
शोहदों को पीछे लगा देख एक युवती ने अपने परिचित को फोन कर बुला लिया। युवती के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो शोहदों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद धुनाई शुरू कर दी।