गोमती नगर के विभूतिखंड में होटल हयात का मानचित्र सस्पेंड होने के बावजूद निर्माण करने के मामले में एलडीए अभियंताओं पर गाज गिरने की संभावना है।
करीब दो महीने पहले नाला निर्माण के मामले में सस्पेंड किए गए एक्सईएन डीसी श्रीवास्तव पर इस मामले में गाज गिर सकती है।
एलडीए उपाध्यक्ष अष्टभुजा प्रसाद तिवारी ने इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी एसई आरएन सिंह को सौंपी है।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने विगत रविवार को इस संबंध में समाचार का प्रकाषन किया था। जिसमें उजागर किया था कि, होटल हयात का निर्माण मानचित्र सस्पेंड होने के बावजूद किया जा रहा है।
होटल हयात के निर्माण के दौरान उसके आस पास के मकानों पर ढहने का खतरा मंडराने लगा था। जिसके बाद में मानचित्र निलंबित कर दिया गया था।
इस मामले में उपाध्यक्ष एपी तिवारी ने आदेष किया कि, मौके पर परीक्षण किया जाए कि किस तरह का निर्माण किया जा रहा है।
अगर यह निर्माण आसपास के मकानों को बचाने के लिए किया जा रहा है तो उचित है लेकिन होटल निर्माण के लिए काम होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जांच का जिम्मा एसई आरएन सिंह को सौंप दिया गया है।