लखनऊ। भूतनाथ बाजार में रविवार को लगी अमर उजाला पुलिस की चौपाल में अतिक्रमण व अवैध कब्जे का मुद्दा छाया रहा। भूतनाथ लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व कारोबारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद फिर हो जाता है। नगर निगम कहता है कि दोबारा अतिक्रमण रोकना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस पर डीसीपी उत्तरी रईस अख्तर ने कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं है। इंदिरानगर जनकल्याण समिति ने कहा कि हाईकोर्ट ने भी इस बारे में पुलिस की जवाबदेही तय की तो डीसीपी डीसीपी ने कहा कि पुलिस का काम कार्रवाई में नगर निगम टीम को सुरक्षा मुहैया कराना ही है। इस पर दोनों विभागों में समन्वय बनाकर समाधान करने की बात उठी। चौपाल में बाजार में चोरी बढ़ने, व्यापारियों को बैंक आवागमन में सुरक्षा देने सहित कई अन्य मुद्दे भी उठे। इस दौरान एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह, एसीपी गाजीपुर योगेश कुमार, इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार मिश्र भी मौजूद रहे। भूतनाथ लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद पाठक, वरिष्ठ महामंत्री अमिताभ श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रतन मेघानी ने बाजार की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ये समस्याएं व मांग कारोबारियों ने रखीं
- भूतनाथ मार्केट व आसपास के बाजारों में लगातार अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
- बाजार में सोने-चांदी के 40-45 शोरूम हैं। इनकी सुरक्षा के लिए हर माह पुलिस की एक मीटिंग जरूरी है।
- जाम की समस्या का निदान हो, इसके लिए एक यातायात सिपाही की व्यवस्था स्थायी रूप से हो।
- बाजार में पुलिस पिकेट कम है। शाम को भीड़ ज्यादा होती है। अक्सर महिलाओं के पर्स छीन लिए जाते हैं।
- व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ मासिक बैठक थाना स्तर पर होनी चाहिए।
इन्होंने भी गिनाईं समस्याएं
लवकुश रजानी, सिद्धार्थ रस्तोगी, अनुराग अग्रवाल, राम मोहन अग्रवाल, सुहैल हैदर अल्वी, मनीष वर्मा, संतोष त्रिपाठी, दीपक अरोड़ा, धर्मेंद्र गुप्ता, अब्दुल हफीज खान, सतनाम, नितिन अग्रवाल। इंदिरानगर जन कल्याण समिति के महासचिव सुशील कुमार बच्चा, अध्यक्ष देवी शरण त्रिपाठी, विनोद चौधरी, राम मोहन अग्रवाल, गंगा शरण श्रीवास्तव, सुभाष शर्मा।
चोरी व लूट पर अंकुश के लिए काम कर रही पुलिस
डीसीपी ने बताया कि चेन लूट व चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस इस पर काम कर रही है और काफी हद तक नियंत्रण में सफल हुई है।
चौकी इंचार्ज से पूछा- क्या कब्जा करवाने पर किराया मिलता है?
भूतनाथ चौकी के चारों तरफ अवैध कब्जे की बात आई तो डीसीपी ने चौकी इंचार्ज इमरान से पूछा कि क्या कब्जा करवाने के एवज में आपको किराया मिलता है। इसके बाद उन्होंने उसे तत्काल कब्जा हटवाने का आदेश दिया।
हमसे सिर्फ कानून व्यवस्था की अपेक्षा करें
बार-बार अतिक्रमण की समस्या आने पर डीसीपी ने कारोबारियों से कहा कि नगर निगम को जितनी फोर्स की जरूरत होगी, हम उपलब्ध करा देंगे। जरूरत पड़ने पर कमांडो भी तैनात कर देंगे, लेकिन अतिक्रमण न होने देने की निगरानी की जिम्मेदारी हमारी नहीं है।
सर, कोर्ट ने तय की है जिम्मेदारी
इंदिरानगर जनकल्याण समिति के अध्यक्ष देवी शरण त्रिपाठी ने कहा कि हाईकोर्ट ने आदेश दे रखा है कि नगर निगम अतिक्रमण हटाकर जाएगा, लेकिन दोबारा अतिक्रमण न होने देना पुलिस सुनिश्चित करेगी। इस पर डीसीपी ने कहा कि आदेश की कॉपी मेरे पास लेकर आएं।
नगर आयुक्त बोले, सबके सहयोग से बनेगी बात
भूतनाथ में अतिक्रमण की समस्या सामने आने और डीसीपी द्वारा नगर निगम को जिम्मेदार ठहराने पर नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने कहा कि अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए सभी को आगे आना होगा। पुलिस, नगर निगम, कारोबारी व जनप्रतिनिधि के सहयोग से समस्या का हल निकलेगा।
ये मुद्दे भी आए सामने
- व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर कई बार पटरी दुकानदारों व कारोबारियों में टकराव होता है। विरोध करने पर कारोबारियों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। इस पर डीसीपी ने कहा कि हमारे लिए तो दोनों ही अपने हैं।
- आसपास के बाजार में देशी शराब के ठेके व मॉडल शाप हैं। वहीं पास में ठेले वाले होते हैं। अक्सर शराबियों के हुड़दंग से परेशानी होती है। इस पर एडीसीपी प्राची सिंह ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भूतनाथ बाजार में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की चौपाल कार्यक्रम में व्यापारियों ने समस्याओं ?- फोटो : LKO CITY