फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जख्मी होकर भी बदमाशों से भिड़ी रही 'लेडी सिंघम', मुठभेड़ में दो घायल, पांच गिरफ्तार

Sun, 04 Feb 2018 10:00 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतापुर/महमूदाबाद
विज्ञापन
घायल कोतवाल रंजना सचान - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब दो घंटे तक चले इस एनकाउंटर में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। इसके साथ ही महिला कोतवाल, एक उपनिरीक्षक व एक सिपाही भी जख्मी हो गए। पुलिस ने पांच बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया है। जबकि दो बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों में से चार शाहजहांपुर और एक लखीमपुर जिले का निवासी है।

विज्ञापन


पुलिस ने मौके से असलहे व कारतूस बरामद करने के साथ ही बदमाशों की निशानदेही पर लूट के गहने व नकदी भी बरामद की है। एसपी आनंद कुलकर्णी ने शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर जिले के सभी थानों को अलर्ट भेजा। इसी बीच महमूदाबाद क्षेत्र में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिल गई। सीओ मोहम्मद जावेद खान ने जिला मुख्यालय को सूचना भेजी, जबकि इंस्पेक्टर रंजना सचान ने पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन के पीछे घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस वाहनों का हूटर सुनकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और फिर खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मोर्चा संभालने के साथ ही वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर मदद मांगी। इस पर एएसपी मार्तंड प्रताप सिंह बिसवां, रामपुर मथुरा, सदरपुर, रामपुर कलां, थानगांव, रेउसा, सकरन, सिधौली, अटरिया आदि थानों के पुलिस बल के साथ मुठभेड़ स्थल की ओर रवाना हो गए। इसी बीच बदमाशों की फायरिंग के दौरान इंस्पेक्टर रंजना सचान, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न सिंह यादव व सिपाही विनीत चौधरी जख्मी हो गए।
विज्ञापन


इस पर पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से दो बदमाश घायल होकर गिर गए। जबकि तीन बदमाशों ने हाथ खड़े कर दिए। पुलिस टीम ने पांचों बदमाशों को दबोच लिया। जबकि उनके दो साथी मौके से भाग निकले। घायल पुलिसकर्मियों व दोनों बदमाशों को तत्काल महमूदाबाद सीएचसी भेजा गया, जहां सभी का इलाज किया गया। डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।

छह किलो चांदी के जेवर व 62 हजार रुपये बरामद हुए

- फोटो : amar ujala
देर रात एसपी आनंद कुलकर्णी मौके पर पहुंचे और मुठभेड़ के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि, गोली लगने से घायल बदमाश शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी तेज सिंह व पूरन हैं।

इनके अलावा पकड़े गए तीन अन्य बदमाश शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी पप्पू, दीनानाथ व लखीमपुर खीरी के पसिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरा निवासी पर्वत हैं। फरार बदमाशों की पहचान शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी हुकुम सिंह व वेदपाल उर्फ हाथी के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से एक रिवाल्वर, दो तमंचे व पांच कारतूस बरामद किए हैं। बदमाशों ने जहां आठ से दस राउंड फायरिंग की, वहीं पुलिस टीम ने पांच राउंड फायर किए। एसपी ने बताया कि, बदमाशों के इसी गैंग ने गत 11 जनवरी को महमूदाबाद कस्बे में वरुण ज्वैलर्स के यहां से जेवर चुराए थे।

पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर छह किलो चांदी के जेवर व 62 हजार रुपये बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि इस गैंग ने सीतापुर, बरेली, रामपुर आदि जिलों के साथ ही बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली आदि राज्यों में भी चोरी व लूट की वारदातें अंजाम दी हैं।

जख्मी होने के बाद भी संभाला मोर्चा

पुलिसकर्मियों के साथ गिरफ्तार बदमाश - फोटो : amar ujala
बदमाशों से मुठभेड़ में कोतवाल रंजना सचान, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न यादव व सिपाही विनीत चौधरी जख्मी हो गए तो टीम में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों ने तीनों को अस्पताल जाने की सलाह दी, मगर इन सभी ने घायल होने के बावजूद पीछे हटने से इनकार कर दिया।

रंजना ने बताया कि जब वे लोग घायल हुए तो बदमाशों के काफी करीब पहुंच चुके थे। ऐसे में अगर वापस लौटते तो पुलिस टीम का हौसला तो टूटता ही, वहीं बदमाश भी भाग जाते। यही वजह रही कि जख्मी होने के बावजूद मोर्चे पर डटे रहने का निर्णय लिया और जवाबी फायरिंग करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कस्बा

वारदात स्‍थल पर पड़े हथियार। - फोटो : amar ujala
कस्बे के नागरिकों की मानें तो देर रात रेलवे स्टेशन के पास गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। लोगों की नींद खुली तो कस्बे का नजारा बदला हुआ था। सड़कों पर पुलिस के कई वाहन व एंबुलेंस दिखीं। एक तरफ जहां गोलियां चल रही थीं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस वाहनों में लगे हूटरों का शोर गूंज रहा था।

छतों व खिड़कियों से लोग बाहर का नजारा देख एक-दूसरे से जानने का प्रयास कर रहे थे कि आखिर हुआ क्या है? मगर किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो पुलिस के वाहन रेलवे स्टेशन की तरफ ही दौड़े जा रहे हैं। हालांकि कुछ देर बाद लोगों को बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ होने का पता चला।
विज्ञापन

मिलेगा बहादुरी का इनाम

मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान, स्वाट टीम के मुस्तकीम अहमद, रामबाबू यादव, कमलापति यादव, शत्रुघ्न यादव, दिग्विजय पांडेय, इंद्रकुमार सचान, मुकुल सिरोही, विनीत चौधरी, दिनेश बहादुर सिंह, परवेंद्र सिंह, पप्पी, रवि वर्मा, सुनील कृष्ण, आनंद कुमार, सोमेंद्र गुर्जर, हरिओम यादव, सत्यवीर आदि पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें