देर रात एसपी आनंद कुलकर्णी मौके पर पहुंचे और मुठभेड़ के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि, गोली लगने से घायल बदमाश शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी तेज सिंह व पूरन हैं।
इनके अलावा पकड़े गए तीन अन्य बदमाश शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी पप्पू, दीनानाथ व लखीमपुर खीरी के पसिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरा निवासी पर्वत हैं। फरार बदमाशों की पहचान शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम ईशापुर निवासी हुकुम सिंह व वेदपाल उर्फ हाथी के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से एक रिवाल्वर, दो तमंचे व पांच कारतूस बरामद किए हैं। बदमाशों ने जहां आठ से दस राउंड फायरिंग की, वहीं पुलिस टीम ने पांच राउंड फायर किए। एसपी ने बताया कि, बदमाशों के इसी गैंग ने गत 11 जनवरी को महमूदाबाद कस्बे में वरुण ज्वैलर्स के यहां से जेवर चुराए थे।
पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर छह किलो चांदी के जेवर व 62 हजार रुपये बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि इस गैंग ने सीतापुर, बरेली, रामपुर आदि जिलों के साथ ही बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली आदि राज्यों में भी चोरी व लूट की वारदातें अंजाम दी हैं।
पुलिसकर्मियों के साथ गिरफ्तार बदमाश
- फोटो : amar ujala
बदमाशों से मुठभेड़ में कोतवाल रंजना सचान, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न यादव व सिपाही विनीत चौधरी जख्मी हो गए तो टीम में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों ने तीनों को अस्पताल जाने की सलाह दी, मगर इन सभी ने घायल होने के बावजूद पीछे हटने से इनकार कर दिया।
रंजना ने बताया कि जब वे लोग घायल हुए तो बदमाशों के काफी करीब पहुंच चुके थे। ऐसे में अगर वापस लौटते तो पुलिस टीम का हौसला तो टूटता ही, वहीं बदमाश भी भाग जाते। यही वजह रही कि जख्मी होने के बावजूद मोर्चे पर डटे रहने का निर्णय लिया और जवाबी फायरिंग करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वारदात स्थल पर पड़े हथियार।
- फोटो : amar ujala
कस्बे के नागरिकों की मानें तो देर रात रेलवे स्टेशन के पास गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। लोगों की नींद खुली तो कस्बे का नजारा बदला हुआ था। सड़कों पर पुलिस के कई वाहन व एंबुलेंस दिखीं। एक तरफ जहां गोलियां चल रही थीं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस वाहनों में लगे हूटरों का शोर गूंज रहा था।
छतों व खिड़कियों से लोग बाहर का नजारा देख एक-दूसरे से जानने का प्रयास कर रहे थे कि आखिर हुआ क्या है? मगर किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो पुलिस के वाहन रेलवे स्टेशन की तरफ ही दौड़े जा रहे हैं। हालांकि कुछ देर बाद लोगों को बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ होने का पता चला।
मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान, स्वाट टीम के मुस्तकीम अहमद, रामबाबू यादव, कमलापति यादव, शत्रुघ्न यादव, दिग्विजय पांडेय, इंद्रकुमार सचान, मुकुल सिरोही, विनीत चौधरी, दिनेश बहादुर सिंह, परवेंद्र सिंह, पप्पी, रवि वर्मा, सुनील कृष्ण, आनंद कुमार, सोमेंद्र गुर्जर, हरिओम यादव, सत्यवीर आदि पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।