लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को रोजगार मेला लगेगा। हीरो मोटोकॉर्प कंपनी की ओर से प्रस्तावित रोजगार मेले में 200 पदों पर भर्ती होगी। चयन होने पर करीब 18 हजार रुपये महीने का वेतन मिलेगा।
आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि हीरो कंपनी के राजस्थान प्लांट के लिए युवाओं का चयन किया जाना है। हाईस्कूल व आईटीआई पास युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में मौका दिया जाएगा। यहां पुरुष के साथ महिलाएं भी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकती हैं। कंपनी सुरक्षा मानक के आधार पर चयन करेगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से अप्रेंटिसशिप के लिए पहले परीक्षा ली जाएगी। सफल होने पर साक्षात्कार होगा। चयन प्रक्रिया में सफल पर तय वेतन के साथ नास्ता, मेडिकल, पीएफ व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने दस्तावेज के साथ आईटीआई परिसर में सुबह 10 से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर नौकरी के लिए परीक्षा व साक्षात्कार दे सकते हैं।