सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता तृतीय उपखण्ड मोतीपुर में तैनात हेल्पर अमित कुमार सिंह के शैक्षणिक अभिलेख फर्जी पाए गए। बहराइच बैराज अनुरक्षण खंड वाराणसी ने इसकी पुष्टि होते ही अमित कुमार सिंह की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी हैं।
अधिशासी अभियंता के निर्देश पर सहायक अभियंता प्रदीप कुमार पाल की तहरीर पर कूट रचित अभिलेखों से धोखाधड़ी किए जाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाने के डोहरी गांव निवासी अमित कुमार सिंह पुत्र नंद लाल सिंह मोतीपुर स्थित सहायक अभियंता तृतीय उपखण्ड कार्यालय मे वर्ष 2009 से हेल्पर के पद पर तैनात था। उसके विरूद्ध वाराणासी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय मे शिकायत आई थी कि अमित कुमार सिंह की ओर से प्रस्तुत शैक्षणिक अभिलेख फर्जी है।
अधिशासी अभियंता की ओर से कराई गई जांच में शिकायत सही पाए जाने पर उसकी सेवाए तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई। यही नहीं अधिशासी अभियंता की तहरीर पर मोतीपुर थाने में धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस बाबत मोतीपुर थाना अध्यक्ष दद्दन सिंह का कहना है की अधिशासी अभियंता ने उक्त कर्मचारी के खिलाफ फर्जी डिग्री पर नौकरी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश करने में लगी हुई है।