लखनऊ। घर से काम के सिलसिले में निकले इंदिरानगर सेक्टर-10 निवासी ई रिक्शा चालक राजेश (61) को एसयूवी सवार ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-13 में अरविंदो पार्क के पास टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक और उसके साथियों ने बुजुर्ग को गाड़ी में लादा और थोड़ी दूर जाकर पार्क के पास फेंक गए। घायल बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
गाजीपुर थाने के इंस्पेक्टर राजेश मौर्या के मुताबिक हादसे के बाद भीड़ जमा होने पर एसयूवी सवार लोगों ने इलाज कराने के बहाने राजेश को गाड़ी में बिठा लिया। फिर कुछ दूर जाकर उन्हें पार्क के पास फेंककर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने राजेश को गंभीर अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस उन्हें लोहिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश के कान के पास चोट के निशान मिले हैं। उनके कपड़े भी फटे थे।
पत्नी सुषमा ने बताया कि राजेश बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम चार बजे वह लोगों को घायल मिले। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। सुषमा ने कार सवार लोगों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। बहनोई सतीश ने बताया कि फुटेज में सफेद रंग की एसयूवी से कुछ लोग राजेश को उतारकर पार्क के किनारे नाले के पास फेंककर भागते दिखे हैं। परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। इंस्पेक्टर का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।