रमेश चंद चौधरी की फाइल फोटो व प्रदर्शन करते परिजनों को समझाती पुलिस।
लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-एच इलाके में बुधवार रात कार की टक्कर से साइकिल सवार रमेश चंद चौधरी (67) की मौत हो गई। वह साइकिल सहित कार के आगे के हिस्से में फंसकर कुछ दूर तक घिसटते चले गए। बुजुर्ग की मौत से नाराज परिजनों ने घटनास्थल पर एक घंटे तक प्रदर्शन किया।
आशियाना के सेक्टर-एच निवासी रमेश चंद्र चौधरी गवर्नमेंट प्रेस से मोनो कास्टर पद से सेवानिवृत्त थे। उनके बेटे अभिषेक ने बताया कि रात करीब आठ बजे पिता घर के पास स्थित सब्जी मंडी से सब्जी लेकर साइकिल से लौट रहे थे। सेक्टर-एच स्थित वंश नर्सिंग होम के सामने तेज रफ्तार कार की उनकी साइकिल से टक्कर हो गई। पिता बोनट व पहिये के बीच फंसकर कुछ दूर तक घिसटते हुए चले गए। कार चालक ने जब ब्रेक लगाई तो साइकिल सहित रमेश छिटककर दूर जा गिरे।
आरोपी चालक कार लेकर भाग निकला। हादसा देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर पाकर मौके पर परिजन भी पहुंच गए। परिजन रमेश को लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए परिजन
रमेश की मौत के बाद नाराज परिजनों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए घटनास्थल पर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग पर नर्सिंग होम वालों ने मना कर दिया। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह के अनुसार, बेटे अभिषेक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार का पता लगाया जा रहा है। रमेश के परिवार में पत्नी पावना देवी, बेटा अभिषेक और एक बेटी हैं।