नौनिहालों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया का प्रयोग करने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई होगी। शिक्षण कार्य से संबंधित सभी रिपोर्ट शासन के व्हाट्सएप नंबर पर शिक्षकों को रोज उपलब्ध करानी होगी।
बेसिक शिक्षा एवं बाल विकास व पुष्टाहार राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने मंगलवार को मंगलवार को अफसरों व शिक्षकों को यह चेतावनी दी। राज्य मंत्री ने जिला पंचायत सभागार में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों में ऐसा माहौल बनाने की पहल करें जिसमें अभिभावक खुद बच्चों का हाथ पकड़ कर परिषदीय स्कूलों में दाखिला कराएं।
जिला पंचायत सभागार में परिषदीय स्कूलों के शिक्षक व बच्चे शामिल हुए। बच्चों को जूता, मोजा, स्कूल बैग व ड्रेस भी प्रदान की गई। पुष्टाहार विभाग की तरफ से बच्चों को अन्नप्रासन व गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई।
राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में एक करोड़ 80 लाख बच्चों का दाखिला प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उच्च प्राथमिक विद्यालय नयानगर में करंट से झुलसे बच्चों का हालचाल भी लिया।