एडिसन मोटर्स कंपनी के प्रबंध निदेशक वाईके ली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मुलाकात की।
- फोटो : amar ujala
दक्षिण कोरिया की एडिसन मोटर्स कंपनी प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट लगाएगी। इस संबंध में कंपनी के प्रबंध निदेशक वाईके ली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी को पुनरीक्षित कर और अधिक आकर्षक बनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। यहां सबसे अधिक एक्सप्रेस-वे और हाईवे हैं। निवेशकों के लिए निवेश मित्र पोर्टल संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का दक्षिण कोरिया के साथ बहुत पुराना संबंध है। इसे और आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश और दक्षिण कोरिया के बीच व्यापारिक गतिविधियों के आदान-प्रदान से दोनों देशों के संबंध प्रगाढ़ होंगे। इससे औद्योगीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।