सूबे का पहला ‘ई-पुलिस थाना’ लखनऊ में शुरू हो गया है। यह थाना राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो महानगर लखनऊ में खोला गया है। इसके कार्य का दायरा पूरा प्रदेश होगा।
पहले चरण में इसमें केवल वही एफआईआर दर्ज होंगी, जिनमें अभियुक्त अज्ञात हो तथा अपराध गंभीर प्रवृत्ति का न हो। हत्या, डकैती, फिरौती एवं अपहरण, दहेज हत्या, बलात्कार, बैंक लूट, बस लूट/डकैती, सांप्रदायिक दंगे एवं झगड़े जैसे गंभीर अपराधों की रिपोर्ट इसमें दर्ज नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ई-थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी शाखा आरके विश्वकर्मा ने बताया कि इसकी अधिसूचना 24 मई को ही जारी कर दी गई थी।
अभी तक इसका परीक्षण कार्य चल रहा है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि इस सुविधा में अगर किसी भी प्रकार का सुधार चाहते हैं, तो सुझाव भी दे सकते हैं।