फ्लाइट तक पहुंचने में यात्री हुए परेशान
मौसम की पहली तेज बारिश के बाद शनिवार को एयरपोर्ट बिल्डिंग के सामने परिसर में जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को फ्लाइट तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। इतना ही नहीं बारिश का पानी बिल्डिंग के आगमन-प्रस्थान गेट के रास्ते बिल्डिंग के अंदर तक पहुंच गया, जिससे एयरपोर्ट प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन वहां पानी की सफाई करवाई गई।
पार्किंग में भी जलभराव होने से लोगों को पानी से गुजरकर एयरपोर्ट के भीतर जाना पड़ा। कॉमर्शियल रोड से एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर गोल चौराहे के पास भीषण जलभराव हो गया। वीआईपी रोड पर पार्किंग बैरियर से लेकर एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग तक पूरी सड़क जलभराव की चपेट में आ गई। ऐसे में यात्रियों के लिए अपने वाहनों तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी जलभराव
चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया पर जलभराव होने से यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी, उनका लगेज भी भीग गया। ईको टॉयलेट से लेकर जीआरपी कार्यालय के बाहर तक जलभराव हो गया।