जिल्हा हार गांव में सड़क पर भरा पानी।
लखनऊ। एलडीए की सीमा में पहले से शामिल दुबग्गा इलाके का नया लालजी टंडन वार्ड दो साल से नगर निगम में भी हैं, लेकिन सड़क, पानी, सीवर और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं अब भी अधूरी हैं। यहां के बरावन कला, मौरा, जेहटा, सैथा, महिपतमऊ और जिल्हा हार में टूटी सड़कें, बजबजाती नालियां और सड़कों पर बहता गंदा पानी यहां की पहचान बन गया है। परेशान लोगों ने अब खुद ही चंदा लगाकर मोटर के सहारे सड़क से पानी निकालकर तालाब में गिरा रहे हैं।
मौरा निवासी समाजसेवी कल्लू रावत बताते हैं कि बरावन कला की लखनऊ रोड को जोड़ने के लिए सिंगल लेन रोड है, जबकि आवागमन अधिक है। यूनिटी डिग्री कालेज की बाउंड्री वॉल से लगी हुई जो सड़क अंदर जाती है, जगह-जगह से टूटी हुई है। दुबग्गा से बरावन कला, मौरा खेड़ा, जिल्हा हार से होते हुए जेहटा मार्ग पर 100 मीटर से ज्यादा हिस्से में नाली का पानी भरा हुआ है, जैसे वह तालाब हो। गांव में लगे पांच सरकारी हैंडपंप भी पांच साल से खराब पड़े हैं।
सड़क जगह-जगह टूटी हुई है। नाली चोक है। इससे गंदा पानी सड़क पर भर जा रहा है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। पानी और स्ट्रीट लाइट की भी समस्या व्याप्त है।
- सुमित
स्ट्रीट लाइट नहीं है। इससे रात होते ही पूरी कॉलोनी अंधरे में डूब जाता है। कुछ लोगों ने अपनी व्यवस्था करके घरों के बाहर लाइट लगा रखी है, मगर उसके बंद होते ही फिर अंधेरा हो जाता है।
रूबी
वर्षों पहले सात हैंडपंप लगाए गए थे। इनमें से पांच साल से पांच हैंडपंप खराब पड़े हैं। कई बार शिकायत के बाद भी इसे सही नहीं किया गया है। पानी भरने काफी दूर जाना पड़ता है।
- अनीता