लखनऊ मेंं नशे में धुत होकर मंगलवार रात गाजीपुर थाने पहुंचे पूर्व कबीना मंत्री राजकिशोर सिंह के रिश्तेदार ने थाने में खड़ी कोतवाल की लाल-नीली बत्ती व वायरलेस लगी सरकारी गाड़ी चुरा ली। शहर में फर्राटे भरा। नशा उतरने पर 25 किमी दूर बुद्धेश्वर में गाड़ी छोड़ी और ऑटो से घर लौट गया।
सरकारी जीप में चाभी लगी छोड़ थाना कार्यालय में बैठा चालक टीवी पर आईपीएल देखने में मस्त था। पुलिस को दो घंटे बाद भनक लगी। थाने से कोतवाल की सरकारी गाड़ी चोरी होने से हड़कंप मच गया। पूरे शहर में नाकाबंदी की गई।
सीसीटीवी फुटेज से युवक को चिह्नित करके पुलिस ने बुधवार सुबह पूर्व मंत्री के घर दस्तक थी। पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जीप बरामद की। एसएसपी ने लापरवाह चालक को निलंबित कर दिया है। अन्य पुलिसकर्मियों की लापरवाही की जांच कराई जा रही है।
इंस्पेक्टर गाजीपुर दीपक दूबे के मुताबिक, थाने पर तैनात चालक नरेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार रात करीब 9:30 बजे लाल-नीली बत्ती व वायरलेस लगी सरकारी जीप थाने के गेट के पास खड़ी की थी।
रात करीब 10:30 बजे एक युवक ने गाड़ी चुरा ली। इलाके में गश्त व पिकेट ड्यूटी चेक करने के इरादे से इंस्पेक्टर रात 12:35 बजे कक्ष से निकले। चालक भी पुलिसकर्मियों के साथ थाना कार्यालय से बाहर आया। सरकारी जीप गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
आरोपी शरद तिवारी
- फोटो : amar ujala
आसपास तलाश में कुछ पता न चलने पर उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई। सभी थानों को अलर्ट करके चेकिंग शुरू कराई गई। थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि नशे में धुत एक युवक रात 9:30 बजे थाने आया और अपनी गिरफ्तारी के लिए दबाव बना रहा था।
पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया और घर जाने की हिदायत देकर चलता कर दिया। गेट पर पहुंचे युवक ने सरकारी जीप स्टार्ट की और उसे लेकर चंपत हो गया। एसएसपी ने कांस्टेबल चालक नरेंद्र कुमार यादव को निलंबित करने के साथ सीओ को जांच सौंपी है।
विभिन्न थानों की पुलिस गाजीपुर थाने से चोरी गई सरकारी जीप की तलाश में चेकिंग के साथ संभावित स्थान खंगालने में जुटी थी। वहीं इंस्पेक्टर गाजीपुर ने सीसीटीवी फुटेज में नजर आए युवक की तलाश के आदेश दिए।
उसके माथे पर टेटू से त्रिशूल बना था। छानबीन मे युवक की पहचान इंदिरानगर के ए-ब्लॉक में अमरावती कॉलोनी सर्वोदयनगर निवासी शरद तिवारी के रूप में हुई। गर्दन पर गोदना से महा मृत्युंजय मंत्र लिखा रखा है। इसके अलावा भी शरीर पर अनेक टेटू हैं।
गाड़ी स्टार्ट कर भरता रहा फर्राटे
थाना परिसर में खड़ी जीप
- फोटो : amar ujala
थाने से इंस्पेक्टर की सरकारी गाड़ी चुराने के आरोपी की पहचान होते ही इंस्पेक्टर दीपक दूबे, एसआई रहमत उल्लाह खान व हजरत अली चारों सिपाहियों को लेकर उसके घर पहुंचे।
पता चला कि शरद तिवारी सपा सरकार में कबीना मंत्री रहे राजकिशोर सिंह के बेटे व बस्ती के जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह का साला है और अमरावती कॉलोनी में राजकिशोर सिंह व शरद के मकान अगलबगल हैं।
पुलिस ने राजकिशोर सिंह के घर दस्तक दी। उन्हें मामले की जानकारी देने के साथ शरद को उसके घर से पकड़ा। शरद तिवारी ने कुबूला कि शराब के नशे में मंगलवार रात मोहल्ले में एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया था।
परिवार वाले भी खफा थे। इस पर वह गाजीपुर थाने गया। पुलिसकर्मियों को बताया कि झगड़ा करके आया हूं गिरफ्तार कर लो, लेकिन उन्होंने घर जाने की हिदायत देकर भगा दिया।
थाना कार्यालय से निकलने के दौरान उसने लाल-नीली बत्ती लगी जीप में चाभी लगी देखी। सभी पुलिसकर्मी आईपीएल देखने में मस्त थे। संतरी भी नजर नहीं आया। इस पर उसने गाड़ी स्टार्ट की और शहर में फर्राटे भरता रहा।