लखनऊ के हजरतगंज इलाके में रहने वाली भातखंडे की शिक्षिका द्वारा अपनी सैलरी पति को न देने पर ससुराल वालों ने पीटकर घर से खदेड़ दिया। दफ्तर में भी अपमानित किया।
शिक्षिका की शिकायत पर तीन हफ्ते बाद हजरतगंज पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मीराबाई मार्ग स्थित विधायक निवास में रहने वाली शहनाज अहमद खान ने मड़ियांव थाने के गांव दाउदनगर गाजीपुर बलराम निवासी अपने पति मो. अहमद खान, सास अफसरी बेगम, जेठ अली अहमद व ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज की खातिर प्रताड़ित करने की 31 मार्च को शिकायत की थी।
भातखंडे की शिक्षिका शहनाज का कहना है कि एक जून 2014 को मो. अहमद खान से उसका निकाह हुआ था। पति उसके साथ रहने लगा लेकिन, मोबाइल बंद करके अक्सर अपने मूल निवास चला जाता था। पति के दबाव में शहनाज ने अपने जेठ को एक लाख रुपये दिए। इसके बाद दहेज की मांग बढ़ती गई।
आॅफिस पहुंचकर किया अपमानित
डेमो
शहनाज होली के मौके पर 13 मार्च को ससुराल पहुंची तो सास, पति, जेठ व अन्य लोगों ने हिदायत दी कि अपनी सैलरी और एक लाख रुपये पति को दो तो साथ रह पाओगी। इन्कार पर सास ने पीटकर उसका कुर्ता फाड़ डाला।
अन्य लोगों ने गालीगलौज के साथ धक्के मारकर घर से खदेड़ दिया। ऐलान किया कि मांग पूरी न करने पर मो. अहमद का दूसरा निकाह कर देंगे। इसके बाद ऑफिस पहुंचकर अपमानित किया और भातखंडे के कुलपति को भी कॉल करके भड़काया। धमकियों से त्रस्त व अपमान से क्षुब्ध होकर उसने पुलिस से शिकायत की। इस पर केस दर्ज किया गया है।