सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर के फतेपुर मातिनपुर गांव में शुक्रवार देर शाम पिता पुत्र छोटे खां व मैसर खां की छह लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। छोटे खां के दामाद महफूज की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों अजयपाल, नंगा उर्फ नागेश, टामू, विकटू उर्फ श्यामल, शिव पूजन और कामता प्रसाद पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी संग पांच टीमें लगाई थीं। शनिवार को इनमें से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसमें टामू व झगडू शामिल हैं। वहीं, गांव में एहतियातन दो कंपनी पीएसी तैनात कर दी गई है।
छोटे खां के दामाद लहरपुर के नौव्वापुर गांव निवासी महफूज ने बताया कि 26 दिसंबर को शाम 7 बजे उनके ससुर छोटे उर्फ अख्तर खां व साले मैसर खां पुत्र अख्तर खां सीतापुर एसडीएम सदर के यहां से जमानत कराकर अपने घर फत्तेपुर मातिनपुर जा रहे थे। जैसे ही दोनों फत्तेपुर के पंचायत भवन के पहले पहुचें तो रोड के आसपास झाड़ियों से विपक्षी अजयपाल, नंगा उर्फ नागेश, टामू, विकटू, शिवपूजन और कामता प्रसाद निकलकर आ गये। सभी फायर करने लगे, जिससे उनके ससुर अख्तर खां व साले मैसर खां वहीं रोड पर गिर गये। जब वह उठकर भागे तो शिवपूजन ने दौड़ाकर मैसर खां को गिराकर बांके से ताबडतोड़ वार कर मार डाला। वहीं, छोटे उर्फ अख्तर को टामू ने गिराकर बांके से वार करके मार डाला।
विकटू, कामता, नंगा व अजयपाल ने उनके ससुर व साले को घेरकर गिराया। इसके बाद उनके साले मैसर खां के लड़के असहद खां व असहद खां की मां और मैसर की पत्नी जो कि साथ में ही बाइक से आटो के पीछे चल रहे थे। अपनी आंखो से बाइक की रोशनी में सारी घटना देखी। अख्तर व मैसर खां आटो रिक्शा से आगे चल रहे थे।
बताया कि घटना का शोर व फायर की आवाज सुनकर अख्तर के छोटे भाई अफसर भी मौके पर पहुंच गये थे क्योंकि एसडीएम कोर्ट में जमानत के लिए वह भी गये थे। खबर पाकर महफूज भी मौके पर पहुंचे। उन्हें चश्मदीद असहद व उसकी मां ने पूरा वाकया बताया। इस मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार हैं। वहीं, अन्य आरोपियों को पुलिस की टीमें ढूंढ रही हैं।