पुलिस ने ठाकुरगंज के दोहरे हत्याकांड में फरार इनामी आरोपी शिवम सिंह के खुद को गोली से उड़ाने और दूसरे आरोपी उमेश उर्फ चिन्ना की गिरफ्तारी का दावा किया है। हालांकि इनामी की गोली लगने से मौत की खबर के साथ सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के मुखबिर रहे उमेश की कहानी लोगों के गले नहीं उतर रही है। दुस्साहसी शिवम के मुठभेड़ करके भाग निकलने की कोशिश के ज्यादा आसार थे। वहीं, उमेश के शिवम को गोली से उड़ाने की भी चर्चा है। मालूम हो शहर के ठाकुरगंज इलाके में बेखौफ बदमाशों ने सगे भाइयों इमरान (20) व अरमान (18) को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के बाद गोली मार दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी का कहना है कि शिवम सिंह व उमेश उर्फ चिन्ना के गोमतीनगर के विराम खंड-5 में छिपे होने की एलआईयू को भनक लगी थी। इस पर सीओ एलआईयू व सीओ हजरतगंज के नेतृत्व में टीम भेजी गई। इसने रात 9:30 बजे भूतल पर किरायेदार विक्की शर्मा का दरवाजा खटखटाया।